प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्तर पर बढ़ाया यूपी का मान, सीएम योगी ने जताया आभार*
G-7 समिट में भाग लेने जर्मनी यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पाद उपहार स्वरूप विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों को देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आभार जताया है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका, जापान, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और सेनेगल के राष्ट्राध्यक्षों को उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पाद भेंट कर राज्य का वैश्विक स्तर पर मान बढाया है। इसके लिए समूचा प्रदेश पीएम मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को देवाधिदेव महादेव की पावन नगरी काशी का प्रसिद्ध हस्तशिल्प गुलाबी मीनाकारी ब्रोच व कफलिंक सेट भेंट कर उत्तर प्रदेश के स्थानीय शिल्प को वैश्विक पटल पर गौरवभूषित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के निजामाबाद की सुप्रसिद्ध शिल्प कला से निर्मित काली मिट्टी के बर्तन जापान के प्रधानमंत्री किसहीडा को उपहार स्वरूप प्रदान किए हैं। उत्तर प्रदेश की शिल्प कला के सम्मान के लिए आपका हार्दिक आभार।






