भाजपा का दावा: इंदिरा गांधी ने पहली बार अल्पसंख्यकों के खिलाफ चलवाया था बुलडोजर, तुर्कमान गेट की घटना का किया जिक्र*
बुलडोजर से घरों को गिराए जाने के विवाद के बाद भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को कांग्रेस पर हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ पहली बार बुलडोजरों के इस्तेमाल का आदेश इंदिरा गांधी की तरफ से दिया गया था,भाजपा के आईटी सेल के इंचार्ज अमित मालवीय ने ट्वीट में अप्रैल 1976 में इमरजेंसी के दौरान तुर्कमान गेट पर हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह अल्पसंख्यकों पर बुलडोजर के इस्तेमाल का पहला मामला था। मालवीय ने ट्वीट में कहा, “क्या कांग्रेस पार्टी में मनीष तिवारी से लेकर राहुल गांधी तक सभी भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं या उन्हें अपने इतिहास के बारे में जानकारी ही नहीं है? नाजियों और यहूदियों को भूल जाएं। भारत में इंदिरा गांधी ही थीं, जिन्होंने पहली बार अल्पसंख्यकों के खिलाफ तुर्कमान गेट पर बुलडोजर चलाने का आदेश दिया था।”अगले ट्वीट में मालवीय ने कहा, “अप्रैल 1976 को इमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी ने मुस्लिम पुरुषों और महिलाओं की जबरदस्ती नसबंदी करवाने की कोशिश की थी। जब उनकी तरफ से विरोध हुआ, तब तुर्कमान गेट पर बुलडोजर भेज दिए गए। इसमें 20 लोगों की मौत हुई थी।” भाजपा आईटी सेल के प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस का नाजियों के प्रति प्यार इंदिरा गांधी तक ही सीमित हो जाना चाहिए।






