कलेक्टर एवं एसपी पहुंचे पंचकोशी यात्रा मार्ग

*कलेक्टर एवं एसपी पहुंचे पंचकोशी यात्रा मार्ग,*

*पड़ाव-उप पड़ाव पर 10-10 हजार वर्गफीट टेन्ट बढ़ाने के दिये निर्देश*

उज्जैन 25 अप्रैल। कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने आज पंचक्रोशी यात्रा मार्ग में पिंगलेश्वर एवं करोहन पड़ाव का निरीक्षण किया। पिंगलेश्वर में लगभग 2 हजार एवं करोहन में लगभग 3 हजार यात्री पड़ाव की ओर हैं। यात्रा मार्ग में लगभग 5 हजार से अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं। कलेक्टर ने पिंगलेश्वर में तथा करोहन में यात्रियों के बीच जाकर उनसे बातचीत की तथा उनकी आवश्यकताओं के बारे में पूछा। सभी यात्रियों ने एक स्वर में व्यवस्थाओं की सराहना की। कलेक्टर ने करोहन में सरपंच को 10 हजार वर्गफीट टेन्ट आज ही लगाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिये हैं कि आगे के सभी पड़ावों में 10-10 हजार वर्गफीट टेन्ट बढ़ाया जाये। निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री संतोष टैगोर, एएसपी श्री आकाश भूरिया एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
*पंचक्रोशी यात्री ने कलेक्टर को दाल-बाटी खाने का निमंत्रण दिया*

करोहन पड़ाव पर कलेक्टर कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। इस बीच एक स्थान पर मंदसौर जिले से आई पंचक्रोशी यात्री महिला कंडे पर दाल-बाटी बना रही थी। कलेक्टर ने रूककर उनसे चर्चा की। सिंह की सहजता देख उक्त महिला ने उन्हें कहा कि पांच मिनिट में दाल-बाटी बन रही है, आप खाकर जाईये। उक्त महिला ने कहा कि यहां बनी हुई दाल-बाटी गांव में बनी दाल-बाटी से अलग ही स्वाद देती है। कलेक्टर ने पूछा कि कितनी देर लगेगी। महिला ने कहा कि बस आप रूक जाओ, बस अभी तैयार करके लाते हैं। कलेक्टर ने महिला से पड़ाव स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं एवं करोहन से कब उनका दल रवाना होगा, इसकी चर्चा की।

2420 views