*कर्जमाफी के नाम पर खेल : किसान ने नहीं लिया कभी लोन, फिर भी 2 लाख हो गए माफ*
प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी के नाम पर अनियमितता के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. एक के बाद एक नए मामले सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बड़वानी जिले में राजपुर तहसील के ग्राम पाडला से आया है. यहां एक किसान जितेंद्र राठौर ने राजपुर एसडीएम के पास शिकायत दर्ज कराई है. किसान ने कहा है कि उसने कहीं से भी लोन नहीं लिया था फिर भी उसके नाम पर 2 लाख रुपए की कर्जमाफी कर उसका नाम कर्जदारों की लिस्ट में रखा गया है.
जितेंद्र के मुताबिक उसने सोसायटी में बचत खाता चालू किया था, जिसमें किसी प्रकार से कोई भी कर्ज नहीं लिया था. लेकिन सरकारद्वारा कर्जमाफी की घोषणा के बाद कर्जदारों की सूची लगाई गई तो उसमें उसके ऊपर भी 2 लाख रुपए का कर्ज बताया गया. जिसके बाद मामले की छानबीन की तो पाया की रणगांव डेब सोसायटी में उसके ऊपर 2 लाख रुपए का कर्ज़ बताया जा रहा है जो उसके द्वारा नहीं लिया गया.
किसान जितेंद्र ने रणगांव सोसायटी के प्रबंधक पर फर्जी तरीके से उसके खाते से पैसों के लेनदेन करने का आरोप लगाया. शिकायत मिलने के बाद एसडीएम राजपुर व पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है
2203 views





