*सिनेमा प्रेमियों को फिल्मों के महंगे टिकटों से मिलेगी आजादी*
*अब बच्चे 5 तो बड़े मात्र19 रुपए*
*में देख सकेंगे थियेटर में फिल्म*
*फौजियों को हर रविवार मात्र 2 रुपए में देखने को मिलेगी मूवी*
*इंटरवल में दर्शकों को कोक और कॉर्न भी किया जाएगा सर्व*
*ऑपेरा सिनेमा के नाम से इंदौरी आंत्रप्रन्योर ने कराया कॉपीराइट*
*दम तोड़ रहे सिंगल स्क्रीन टॉकीजों को मिलेंगे भरपल्ले दर्शक*
*शहर के सिनेमा प्रेमियों को जल्द ही फिल्मों के महंगे टिकटों से आजादी मिल जाएगी। अब उन्हें मात्र 19 रुपए में टॉकीज में फिल्म देखने को मिलेगी। साथ ही इंटरवल में दर्शकों को कोक और कॉर्न भी सर्व किया जाएगा। प्रायोगिक तौर पर इसकी शुरूआत सांवेर के थियेटर से गत दिवस हो भी चुकी है।*
*देव कुण्डल, इंदौर।*
मल्टीप्लेक्स कल्चर आने के बाद से आम आदमी के लिए थियेटर में फिल्म देखना काफी महंगा हो गया है। करीब एक दशक पहले सिंगल स्क्रीन टॉकीजों के दौर में सिने प्रेमी मात्र 20 से 40 रुपए में फिल्म देख लेते थे। शहर के विभिन्न मॉल में चल रहे मल्टी स्क्रीन सिनेमाओं में टिकट दर 100 से 300 रुपए तक होती है। इसके चलते टाकीजों में भी टिकट महंगे होने लगे। सिंगल स्क्रीन थियेटर में वर्तमान में 70-80 रुपए तक का टिकट मिलता है। इससे टॉकीज में फिल्म देखना निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों की पहुंच से दूर सा हो गया। दर्शक संख्या घटने के कारण शहर के दर्जनो सिनेमा बंद भी हो गए। फिलहाल जो चल रहे हैं, वे भी अपना अस्तित्व बचाने का संघर्ष कर रहे हैं। इस बुरे दौर में सिनेमा संचालकों के साथ ही फिल्म शौकीनों के लिए भी यह गुड न्यूज है। दर्शक अब सिंगल स्क्रीन थियेटर में मात्र 19 रुपए में फिल्म का आनंद ले सकेंगे। इससे टॉकीजों को भी खूब दर्शक मिलेंगे और बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर हाउस फुल का बोर्ड देखने को मिलेगा।
*ऑपेरा सिनेमा लाएगा क्रांति-*
सस्ती दरों पर फिल्म दिखाने का सपना संभव किया है शहर के आंत्रप्रन्योर केपी सिंह ने। उन्होंने ऑपेरा सिनेमा के नाम से कॉपीराइट कराया है। रेवेन्यू जनरेट की पेटेंट टेक्नोलॉजी कांसेप्ट वे दुनियाभर में पहली लेकर आए हैं। केपी ने डीबी स्टार को बताया कि इंदौर सहित उज्जैन, देवास इत्यादि शहरों के करीब 36 सिंगल स्क्रीन टॉकीजों से उनका अनुबंध हो रहा है। इसके तहत टॉकीज के नाम के साथ ऑपेरा भी जुड़ जाएगा। जैसे ऑपेरा कस्तूर, ऑपेरा रीगल। 12 जनवरी से सांवेर के सूर्यांश टॉकीज से इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। प्रदेश के बाद देश के अन्य शहरों में भी इसी कांसेप्ट पर दर्शकों को घटे दरों में फिल्म दिखाई जाएगी। 12 से रात 9 बजे तक चारों शो में टिकट दर 19 रुपए रहेगी। हर रविवार सुबह 9 बजे स्टूडेंट को मात्र 5 रुपए और सुरक्षा बलों से जुड़े कर्मचारियों को 2 रुपए में फिल्म दिखाई जाएगी। 19 रुपए के टिकट में दर्शकों को फिल्म के मध्यांतर में सॉफ्ट ड्रिंक और पॉप कॉर्न भी मुफ्त दिया जाएगा।
*सबके लिए विन-विन सिचुएशन-*
महंगाई के दौर में मात्र 19 या 2-5 रुपए में फिल्म दिखाना किसी भी सिनेमागृह के लिए मुनासिब नहीं है। साथ ही कोक-कॉर्न देना तो दूर की बात। ऐसे में सवाल उठता है कि यह सब कैसे संभव होगा? ऑपेरा सिनेमा के संचालक केपी सिंह ने बताया कि हम जिस कांसेप्ट पर काम कर रहे हैं उसमें सबके लिए विन-विन सिचुएशन है। यानी इसके लिए सिने प्रेमियों को अपने मोबाइल पर ऑपेरा सिनेमा का एप डाउनलोड करना होगा। एप के माध्यम से टिकट बुक होंगे। इससे प्रति एप ऑपेरा को कुछ कमाई होगी। फिल्म के बीच में हर आधा घंटे में पर्दे के साइड या नीचे की तरफ एक संदेश लिखा आएगा। इसमें बताया जाएगा कि अमुक कंपनी के प्रोडक्ट का विज्ञापन आने वाला है। यदि 33 फीसदी दर्शक ऑपेरा एप पर YES करेंगे तो एड दिखेगा और यदि इससे अधिक दर्शक NO दबाएंगे तो फिल्म निरंतर चलती रहेगी। इसका फायदा यह होगा कि दर्शक बिना ब्रेक के फिल्म देख सकेंगे और विज्ञापन को लाइक करने वाले दर्शक का फोन नंबर संबंधित कंपनी को दिया जाएगा ताकि वह उस व्यक्ति को एसएमएस के जरिए अपने प्रोडक्ट की जानकारी दे सके। अभी होता यह है कि कंपनियों को पता ही नहीं चलता है कि किसे उनके प्रोडक्ट में दिलचस्पी है और किसे नहीं। अब कंपनी उस व्यक्ति को ही मैसेज भेजेगी जिसकी उसके प्रोडक्ट में रुचि होगी ताकि प्रॉपर रिस्पांस मिल सके।
2200 views





