जय श्रीराम और जय समाजवाद की गूंज के बीच योगी आद‍ित्‍यनाथ और अखिलेश समेत विधान सभा के 402 सदस्यों ने ली शपथ

जय श्रीराम और जय समाजवाद की गूंज के बीच योगी आद‍ित्‍यनाथ और अखिलेश समेत विधान सभा के 402 सदस्यों ने ली शपथ*
अठारहवीं विधान सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाने का कार्यक्रम मंगलवार को भी जारी रहा। आज बचे हुए 54 वि‍धायकों को सदन की सदस्यता की शपथ प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री ने द‍िलाई। बता दें क‍ि जेल में होने की वजह से आज रामपुर से विधायक चुने गए आजम खां शपथ लेने नहीं आ सके। इसल‍िए शपथ लेने वाले कुल व‍िधायकों की संख्‍या 402 रही।विधान सभा मंडप में सोमवार को शुरु हुए शपथग्रहण कार्यक्रम में प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री ने नेता सदन के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता विरोधी दल के तौर पर अखिलेश यादव और विधायक निर्वाचित हुए मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलाई थी। सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल की ओर से नामित किये गए वरिष्ठ सदस्यों सुरेश खन्ना, रामपाल वर्मा और जय प्रताप सिंह ने सदन के अन्य सदस्यों को शपथ दिलाई। पहले दिन कुल 348 सदस्यों को शपथ दिलाई गई थी। बाकी सदस्यों को मंगलवार को यानी आज शपथ दिलाई गई।शपथग्रहण समारोह के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों की ओर से लगाये गए जय श्री राम, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारों से सदन गूंजता रहा तो सपा सदस्यों ने ‘जय भीम, जय समाजवाद’ और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे बुलंद किए।

899 views