ग्रेटर ब्रजेश्वरी की घटना के जिम्मेदार तीनों इंजीनियरों को निलंबित करें -संजय शुक्ला*

*अपंगता के शिकार युवक को निगम में नौकरी दी जाए*

*ग्रेटर ब्रजेश्वरी की घटना के जिम्मेदार तीनों इंजीनियरों को निलंबित करें -संजय शुक्ला*

*इंदौर*। कांग्रेसी विधायक संजय शुक्ला ने कहा कि ग्रेटर बृजेश्वरी में अवैध निर्माण को तोड़ने के दौरान निगम के द्वारा बरती गई लापरवाही से दिव्यांगता का शिकार हुए युवक को निगम में स्थाई कर्मचारी के रूप में नौकरी दी जाए । इसके साथ ही इस मामले के लिए जिम्मेदार निगम के तीनों इंजीनियरों को निलंबित किया जाए ।

शुक्ला ने कहा कि ग्रेटर बृजेश्वरी में गलत तरीके से बने मकान को तोड़ने में नगर निगम के द्वारा घोर लापरवाही बरती गई है । जिसके परिणाम स्वरूप 33 वर्षीय वरुण का पैर पोकलेन मशीन में फंस गया और उसके बाएं पैर का पंजा कटकर अलग हो गया था । यह घटना अपने आप में बहुत ज्यादा गंभीर है । इस घटना को संवेदनशीलता के साथ लिया जाना चाहिए । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा हमेशा संवेदनशीलता की बात कही जाती है लेकिन उनकी सरकार में इंदौर नगर निगम कितना संवेदनशील है यह इस घटना से मालूम पड़ता है । नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा घायल युवक का इलाज करा देने का ऐलान कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया है । अब जरूरी है कि युवक का पूरा इलाज कराने के साथ ही साथ उसे स्थाई कर्मचारी के रूप में नगर निगम में नौकरी दी जाए ।

विधायक शुक्ला ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार क्षेत्र की भवन अधिकारी गजल खन्ना, निरीक्षक शैलेंद्र मिश्रा और जोनल अधिकारी वैभव देवलासे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाना चाहिए । उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि इतनी बड़ी घटना की जिम्मेदारी लेने के लिए नगर निगम के अधिकारी तैयार नहीं है । अपर आयुक्त संदीप सोनी को जांच सौंप कर पूरे मामले पर लीपापोती करने की कोशिश की जा रही है।

1125 views