राजगढ़ जिले में अपराधियों में खौफ पैदा करने वारंटियों के जुलूस, अपराध नहीं करने की शपथ ली ।
भोपाल। राजगढ़ जिले में अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए बुधवार की रात वारंटियों की धरपकड़ की गई और जुलूस निकाले गए। अपराधियों के जुलूस के साथ उनसे यह शपथ भी ली गई कि वे आइंदा अपराध नहीं करेंगे।
मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार के दो साल पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार की रात को प्रदेश के सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को संबोधित किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके हिसाब से सरकार चलेगी। अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई का संदेश दिया था। इसी रात को राजगढ़ जिले में पुलिस ने वारंटियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई वारंटियों को गिरफ्तार किया।
जुलूस निकाले गए
वारंटियों पर राजगढ़ जिले में कार्रवाई की तो कई अपराधी पकड़े गए और जिला मुख्यालय पर करीब तीन किलोमीटर का जुलूस निकाला गया। सभी को तख्तियां देकर कई स्थानों पर उठक-बैठक लगवाई गई। वारंटियों की गिरफ्तार के बाद जिले में कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए। जिला मुख्यालय पर जुलूस निकाले जाने के साथ उनसे यह शपथ भी ली कि अब वे किसी भी तरह की अपराधिक गतिविधि में लिप्त नहीं होंगे।






