स्वास्थ्य मंत्री तुलसी राम सिलावट ने आज एक अस्पताल का दौरा किया

स्वास्थ्य मंत्री तुलसी राम सिलावट ने आज एक अस्पताल का दौरा किया और वहां लापरवाही पाए जाने पर वहां के एक डॉक्टर सहित चार मेडिकल स्टॉफ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज जेपी हॉस्पिटल का दौरा किया। सिलावट ने स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि वे प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में दौरे करेंगे। वहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे। यदि वहां जरूरत पड़ी तो व्यवस्था बनाई जाएगी, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही पाई गई तो उन पर भी एक्शन लिया जाएगा। किसी भी लापरवाह को बख्शा नहीं जाएगा। सिलावट ने अस्पताल में आए मरीजों के परिजनों से सीधी बात की। उनकी समस्याएं जानी। एक महिला ने बताया कि वह जब से आई है तब से परेशान हैं। बार-बार डॉक्टर के कक्ष में जा चुकी है, लेकिन डॉक्टर उससे मिल ही नहीं रही है। इस पर मंत्री ने डॉक्टर को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे ही प्रवीण जैन नामक व्यक्ति ने सिलावट से शिकायत की है कि उन्हें पर्चे में डॉक्टर द्वारा 4 प्रकार की दवाइयाँ लिखी गई हैं लेकिन दवा वितरण केन्द्र से केवल एक प्रकार की दवाई दी गई और बताया गया कि तीन दवाएँ नहीं हैं। इस पर मंत्री श्री सिलावट ने दवा वितरण केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि प्रवीण जैन को डॉक्टर द्वारा लिखी गई 4 प्रकार की दवाईयों में से दो प्रकार की दवाइयाँ नहीं दी गई थीं, जबकि एक प्रकार की दवाई लिखी गई दवाई के नाम की न होकर दूसरे नाम की थी। श्री सिलावट ने कहा कि दवा वितरण कक्ष में फार्मासिस्ट हैं। उन्हें दूसरे नाम की दवाई, जिसका कंन्टेन्ट एक ही है, उसे क्यों नहीं दिया गया। इस प्रकार की लापरवाही अन्य मरीजों के साथ भी की जा रही है। इस पर बी.के. कुशवाह को चेतावनी जारी करने के लिये कहा गया। दवा वितरण केन्द्र में कुल 74 प्रकार की दवाओं की अनुपलब्धता होने और इन दवाओं की समय पर डिमाण्ड नहीं करने पर स्टोर प्रभारी श्री मेहन्द्र तांडेकर को तुरंत हटाने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्टोर में सभी प्रकार की दवाईयाँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। वार्ड में भर्ती मरीजों से लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने उनको मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। महिला वार्ड में पुरानी गंदी बेडशीट मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए श्री सिलावट ने इंचार्ज सिस्टर बी. बाला को वार्ड से हटाने और कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वार्ड में रोजाना बेडशीट बदली जाये और मरीजों को दिये जाने वाले कम्बल ड्रायक्लीन करके ही दिये जायें।
मंत्री श्री सिलावट ने हॉस्पिटल में मरीजों के पंजीयन काउन्टर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कई मरीजों ने उन्हें बताया कि दो घंटे तक लाइन में लगना पड़ता है। इस पर श्री सिलावट ने कहा कि पंजीयन काउंटर की संख्या बढ़ाई जाये। मरीजों को ज्यादा समय लाइन में खड़े नहीं रहना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाये।

1889 views