राज्यपाल रखेंगे आनंदम हॉलिस्टिक सेंटर की आधारशिला

राज्यपाल रखेंगे आनंदम हॉलिस्टिक सेंटर की आधारशिला

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दो दिवसीय प्रवास पर जावरा में

जावरा। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान दो दिनी प्रवास पर जावरा आ रहे हैं। श्री खान नौ जनवरी को प्रातः 11:30 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, पहाड़िया रोड़, जावरा में आयोजित समारोह में स्व. झमकलाल खारीवाल एवं स्व. ए. एल.भल्ला की स्मृति में स्थापित पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट माइंड बॉडी एंड सॉल ; इंटरनेशनल हॉलिस्टिक सेंटर ऑफ जावरा की आधार शिला रखेंगे।
ट्रस्ट पांच बीघा जमीन पर आनंदम हॉलिस्टिक सेंटर की स्थापना करने जा रहा है। सेंटर की स्थापना के लिए श्रीमती विमलादेवी खारीवाल ने ग्राम नागदी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पांच बीघा भूमि ट्रस्ट को प्रदान की है। इस सेंटर की स्थापना का स्वप्न डॉ. हरीश भल्ला एवं स्व. झमकलाल खारीवाल ने तीन दशक पूर्व देखा था जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है।समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. हरीश भल्ला, महामंत्री सुदेश जे.खारीवाल एवं कोषाध्यक्ष लता देवी कांठेड़ ने बताया कि विश्व भर में सदियों से शारीरिक दुख-दर्द के निवारण के लिए कई तरीके अपनाए जाते रहे हैं। धार्मिक व पवित्र तरीके से उपचार लेने को ही हॉलिस्टिक हीलिंग कहा गया है जिसमें असंतुलित जीवनशैली को सुंतलित जीवनशैली में बदला जाता है। हॉलिस्टिक हीलिंग में शरीर के दुख-दर्द संबंधी हर पहलू पर ध्यान दिया जाता है।

केरल के राज्यपाल श्री खान आठ जनवरी को दोपहर जावरा पहुचेंगे। राज्यपाल श्री खान हुसैन टेकरी शरीफ, शंकर मंदिर में दर्शन सहित जावरा के एतिहासिक स्थलों का अवलोकन करेंगे। राज्यपाल के जावरा दौरे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने आमंत्रित जनों से आग्रह किया है कि वे कोविड के दोनों टीकों का सर्टिफिकेट साथ रखें और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। राज्यपाल श्री खान नौ जनवरी की दोपहर इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।

1093 views