विधायक, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर स्थलों का किया निरीक्षण
वैक्सीनेशन सेंटर पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के दिये निर्देश
इंदौर 29 मई 2021
इंदौर में नागरिकों को अधिक से अधिक कोविड वैक्सीनेशन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शहर के 6 स्थानों पर 45 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों को पहले व दूसरे डोज लगाने के लिये ड्राईव इन वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किये जा रहे हैं। शनिवार को विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, कलेक्टर श्री मनीष सिंह और नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल द्वारा 6 वैक्सीनेशन सेंटर में से एमआर 9 रोड मदन महल गार्डन के पीछे मैदान, दशहरा मैदान व वीआयपी रोड स्थित दलालबाग मैदान पर वैक्सीनेशन सेंटर स्थल का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पूर्व एमआईसी सदस्य श्री राजेन्द्र राठौर, पूर्व पार्षद श्रीमती शकुंतला गुर्जर, श्रीमती सरिता मंगवानी, अपर आयुक्त श्री संदीप सोनी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विधायक, कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त द्वारा ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर के स्थल निरीक्षण के दौरान वैक्सीनेशन सेंटर पर आने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश एवं निर्गम मार्ग, वाहनों हेतु पार्किंग व्यवस्था एवं आने जाने वाले मार्ग को व्यवस्थित तथा समतल करने के संबंध में निर्देश दिये गये। साथ ही सेंटर पर आने वाले नागरिकों हेतु पेयजल व्यवस्था, टेन्ट, लाईट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया गया कि कोरोना संक्रमण के बचाव के लिये 45 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों को अधिक से अधिक वैक्सीन का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के 6 स्थानों पर ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किये जाना है। ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर खुले स्थान पर बनाने से वैक्सीनेशन सेंटर में आने-जाने के साथ ही संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा और कोरोना प्रोटोकाल का पालन भी किया जा सकेगा। इसके साथ ही नागरिकों को वैक्सीनेंशन सेंटर पर वैक्सीन लगने के पश्चात रेस्ट करने के लिये भी व्यवस्था की जा रही है।
आयुक्त नगर निगम सुश्री पाल ने बताया कि आगामी दो माह में 45 प्लस आयु वर्ग के शेष रहे नागरिकों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराना हमारा लक्ष्य है। नागरिकों से अपील कि गई है कि वह कोरोना संक्रमण के बचाव के लिये शहर में पूर्व से स्थापित वैक्सीनेशन सेंटर व शहर में 6 स्थान पर बनाये जा रहे ड्राईव इन वैक्सीनेशन सेंटर पर आकर वैक्सीन अवश्य लगवायें और कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहे।






