ट्रैक्टर रैली में हिंसा के बाद ट्विटर ने 550 से ज्यादा अकाउंट सस्पेंड किये
किसान आंदोलन में हिंसा के बाद ट्विटर ने आज 550 से ज्यादा अकाउंट सस्पेंड कर दिए हैं. गणतंत्र दिवस के दिन किसानों ने दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाली थी, जिसमें हिंसा के साथ जबरदस्त उपद्रव देखने को मिला था. ANI ने ट्विटर प्रवक्ता के हवाले से जानकारी दी है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उन ट्वीट्स को फ्लैग भी किया है, जिन्होंने ट्विटर की नीतियों का उल्लंघन किया है. ट्विटर प्रवक्ता ने कहा, हमने उन लोगों के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं, जो हमारी सेवाओं के जरिए हिंसा, गालियां और धमकियां देते हैं. इन लोगों के ट्वीट्स के जरिए ऑफलाइन हिंसा फैलने की आशंका रहती है, जो हमारे ट्रेंड्स नियमों के खिलाफ है.
सोशल मीडिया के प्रवक्ता ने ANI से कहा, तकनीक के प्रयोग और मानवीय समीक्षा के आधार पर हमने एक बड़े पैमाने पर काम किया और सैकड़ों अकाउंट्स और ट्वीट्स के खिलाफ एक्शन लिया है, जो ट्विटर के नियमों का उल्लंघन करते हैं. साथ ही 550 अकाउंट्स को सस्पेंड किया गया है, जो स्पैम के तौर पर प्लेटफॉर्म का गलत उपयोग कर रहे थे. माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ने उन ट्वीट्स को लेवल किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करते हैं. ट्विटर प्रवक्ता ने कहा कि हम स्थिति पर लगातार निगाह रखे हुए हैं और सतर्क हैं, अगर किसी को भी प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह का कुछ संदिग्ध और नियमों के खिलाफ दिखता है, तो उसे रिपोर्ट करें.
1885 views





