गुजरात से अपहरण की गई नाबालिग इंदौर के एक होटल में मिली, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच को गुजरात के अहमदाबाद पुलिस ने सूचना दी कि शहर के वटवा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग का अपहरण हो गया है. वहीं जिस आरोपी ने उसका अपहरण किया है वह उसे लेकर इंदौर की ओर निकला है, साथ ही उसकी लास्ट लोकेशन भी इंदौर ही आ रही है.
सूचना के आधार पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने तफ्तीश शुरू की और पुलिस को सूचना मिली कि गुजरात का एक युवक इमरोज नफीस एक होटल में ठहरा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में छापा मार कार्रवाई की, और युवक को अपनी गिरफ्त में लिया है. वहीं उससे जब सख्ती से पूछताछ की तो युवक ने बताया कि उसने अहमदाबाद से बच्ची का अपहरण किया था और उसे लेकर इंदौर आया था.
फिलहाल पकड़े गए आरोपी के पास से बच्चे को सही सलामत बरामद कर लिया है वहीं पूरे मामले की सूचना भी गुजरात के अहमदाबाद पुलिस को दे दी गई है. अब अहमदाबाद पुलिस इंदौर आ कर आरोपी को अपने साथ लेकर गुजरात रवाना हो जाएगी.






