जेल में बंद लालू यादव को झटका, HC में जमानत याचिका पर सुनवाई टली
चारा घोटाला से जुड़े मामले में जेल की सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को झारखंड हाईकोर्ट से झटका लगा है. हाईकोर्ट ने चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में लालू की जमानत याचिका पर सुनवाई को 11 सितंबर तक के लिए टाल दिया है. फिलहाल उन्हें इस मामले में जमानत के लिए अगले महीने के दूसरे सप्ताह तक इंतजार करना होगा. लालू यादव ने चाईबासा कोषागार से जुड़े मामले में जमानत की अर्जी लगाई थी, जिस पर हाईकोर्ट ने अगली तारीख दे दी है.
लालू यादव को चारा घोटाला से जुड़े चार मामलों में सजा हो चुकी है. चाईबासा कोषागार से 37.7 करोड़ रुपये की निकासी का मामला भी उनमें से एक है. लालू यादव को अब तक चाईबासा निकासी मामला, देवघर कोषागार से 89.5 लाख रुपये की अवैध निकासी मामला, दुमका कोषागार से निकासी मामले में दोषी करार दिया जा चुका है. गौरतलब है कि चारा घोटाले मामले को लेकर लालू प्रसाद यादव के खिलाफ 6 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें से 5 झारखंड में और एक बिहार में दर्ज है.
1302 views





