12 घंटे बाद भी एक करोड़ की फिरौती मांगने वाले मासूम के अपहरणकर्ता गिरफ्त से बाहर
छतरपुर 19 अगस्त। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के चौबे कॉलोनी से आज दोपहर 12 बजे अपहृत हुए मासूम 6 वर्षीय अभि का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस इस मामले में बहुत ही संवेदनशीलता व मुस्तैदी के साथ अपहरणकर्ताओं की खोज में लगी हुई है लेकिन घटना के 12 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक पुलिस के हाथ अपहरणकर्ता नहीं लगे हैं।
ज्ञातव्य है कि बुधवार की दोपहर 12 बजे चौबे कॉलोनी में सरस्वती महाविद्यालय के सामने रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर भास्कर तिवारी के 6 वर्षीय मासूम पुत्र अभि तिवारी का अपहरण हो गया। शुरुआती 1 घंटे तक घर वालों ने अभी को कहीं आस – पास होने की शक में खोज भी नहीं की लेकिन जब दोपहर 1 बजे तक अभि घर नहीं आया तो घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की, कहीं ना मिलने पर घर वाले परेशान हो गए वहीं 1:57 पर एक अननोन नंबर से अभी के घर वालों के पास फोन आता है और फिरौती के रूप में एक करोड़ रुपए की मांग की जाती है तब अभी की घरवाले पुलिस को सूचना देते हैं और सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आती है। छतरपुर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एडिशनल पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ एवं टीआई सिटी कोतवाली अरविंद सिंह दांगी, टीआई सिविल लाइन धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस मामले की खोज में जुट जाती है शाम होते-होते सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भास्कर तिवारी के घर काम करने वाले व्यक्ति उसके 1 साथी की गिरफ्तारी भी होती है लेकिन अभी तक पुलिस अभी भी अपहरणकर्ताओं तक नहीं पहुंच पाती है। पूरा मामला छतरपुर शहर के लिए एक चुनौती बना हुआ है और छतरपुर पुलिस पूरी मुस्तैदी, तत्परता व लगन के साथ अपहरणकर्ताओं के सुराग में लगी हुई है। छतरपुर वासियों की दुआएं हैं कि अपहरणकर्ता जल्दी पुलिस गिरफ्त में हों और 6 साल का मासूम अभि अपने परिवार के साथ हो।






