*टिड्डी दल के शिकार किसानों को मदद दी जाये: दिग्विजय सिंह*
भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मालवा अंचल के अधिकांश जिलों में टिड्डी दल के शिकार किसानों की फल-फूल और सब्जी की फसलों के खराब होने पर मुआवजा दिये जाने की राज्य शासन से मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने आज जारी विज्ञप्ति में कहा टिड्डी दल ने कई जिलों में ग्रीष्म कालीन फसलों को बहुत नुकसान पंहुचाया है। किसानों की सब्जियों की फसल खराब हो गई है। किसान रात में जागकर टिड्डियों को थाली और डी.जे. बजाकर भगा रहे है।
श्री सिंह ने कहा कि टिड्डी प्रभावित जिले के गांवों में कृषि विशेषज्ञों के दल भेजकर इस प्रकोप से बचाव के उपाय किए जाये। आसपास के उन संभावित जिलों रायसेन, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, हरदा एवं बैतूल में भी कृषि वैज्ञानिकों को पूर्व सूचना देकर किसानों को इससे बचाव के तरीके बताऐ जाये जहां टिड्डियों का हमला हो सकता है। टिड्डी दल अभी तक मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, आगर, देवास, शाजापुर होते हुए सीहोर तक पहुंच गया है। इस प्रकोप से किसान परेशान है और शासन से राहत बचाव की मांग कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि फल-फूल और सब्जियों के खराब होने से प्रभावित किसानों की क्षति का आंकलन कराते हुए राजस्व संहिता के अनुरूप मुआवजा दिया जाये। साथ ही समस्त किसानों को टिड्डी दल को मारने के लिये कीटनाशक भी तत्काल निःशुल्क उपलब्ध कराये जाये। इन क्षेत्रों में कृषि वैज्ञानिकों की तैनाती भी की जाऐं, जो किसानों को उचित सलाह दे सके।
1712 views





