*क्वारेंटाइन किये गये 20 बंदी केन्द्रीय जेल इंदौर में वापस पहुंचे*
इंदौर 11 मई, 2020
क्वारेंटाइन सेंटर असरावद खुर्द में भेजे गये बंदियों में से संक्रमण से मुक्त एवं चिकित्सकीय स्क्रीनिंग पश्चात 20 बंदी केन्द्रीय जेल इंदौर में वापस पहुंच गये हैं। प्रारंभिक स्तर पर हल्के-फुल्के सर्दी-खांसी एवं बुखार के लक्षण पाये जाने के कारण एवं कोरोना वायरस संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिये एवं संक्रमण के फैलाव की रोकथाम के उद्देश्य से इन बंदियों को क्वारेंटाइन करने हेतु क्वारेंटाइन सेंटर असरावद खुर्द भेजा गया था।
केन्द्रीय जेल के अधीक्षक श्री राकेश कुमार भांगरे ने बताया कि इन बंदियों में कोई भी बंदी संक्रमित नहीं था। इन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रहते हुये लगभग 17 दिन पूर्ण हो चुके थे। बंदी पूर्णत: स्वस्थ होने पर आज जेल में प्रविष्ट कराये गये। लगातार बंदियों के स्वस्थ होकर जेल वापस आने से जेल में निरूद्ध बंदियों एवं कर्मचारियों में कोरोना वायरस के खिलाफ मुस्तैदी के साथ डटे रहने का साहस बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस का डर और भय धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है। बंदियों ने स्वयं ही सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना भी सीख लिया है।






