जीता हौसला… एमआर टीबी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सात नये मरीज

*जीता हौसला… एमआर टीबी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सात नये मरीज*
इंदौर 10 मई, 2020
कोरोना वायरस के संक्रमण से स्वस्थ होकर एमआरटीबी से आज 7 मरीज़ डिस्चार्ज किए गए। इन सभी व्यक्तियों के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त होने पर डिस्चार्ज किया गया।
कोलकाता के श्री सपन, सराफा में कार्य करते थे। उनमें कोरोना के लक्षण पाए जाने के पश्चात एमआरटीबी अस्पताल में भर्ती किया गया। आज सफल इलाज के पश्चात वे यहां से डिस्चार्ज होकर अपने घर रवाना हुए। उन्होंने बताया कि अस्पताल में बढ़िया साफ-सफाई है और खाना, दवा आदि सभी कुछ समय पर मिलता हैं।
शहर के इंदौर घराने के ग़ज़ल गायक श्री बुंदु ख़ां को भी आज एमआरटीबी अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं कलेक्टर श्री मनीष सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, शासन तथा जिला प्रशासन की निगरानी और मार्गदर्शन में तथा अस्पताल स्टाफ के निस्वार्थ सेवा भाव के चलते अस्पतालों में उचित समय पर सटीक इलाज किया जा रहा है।
इसी प्रकार एमवाय स्टाफ नर्स जितेंद्र वाल्मीकि ने बताया कि कोविड-19 की ड्यूटी के दौरान उनमें कोरोना वायरस के लक्षण विकसित हुए, जिसके पश्चात एमआरटीबी अस्पताल में उनका इलाज शुरू हुआ। उन्होंने समस्त अस्पताल स्टाफ का शुक्रिया अदा करते हुए बताया कि, वे घर जाने को लेकर बहुत उत्साहित एवं खुश है। इनके अतिरिक्त डिस्चार्ज होने वाले पेशेंट्स में मदन सांगले, राम कुमार शर्मा, आरती एवं सद्दाम शामिल हैं।

1695 views