यूपी भाजपा के इस विधायक ने कोरोना फंड में दिए थे 25 लाख रुपये, अब वापस मांग रहे पैसे…??

*यूपी भाजपा के इस विधायक ने कोरोना फंड में दिए थे 25 लाख रुपये, अब वापस मांग रहे पैसे…??*

कोरोना महामारी से जारी लड़ाई के बीच उत्तर प्रदेश से एक दिलचस्प खबर सामने आ रही है। दरअसल, यूपी के हरदोई से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने अपनी विधायक निधि से कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए कोरोना फंड में 25 लाख रुपये दिए थे, लेकिन विधायक जी अब अपने पैसे वापस मांग रहे हैं। एकबारगी भले ही किसी को विश्वास ना हो, पर यह सौ फीसदी सच है।

जानकारी के मुताबिक, कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने अपनी विधायक निधि से कोरोना फंड में 25 लाख रुपये दिए थे। अब वह इन पैसों को वापस मांग रहे हैं। इस संबंध में हरदोई जिला प्रशासन को लिए एक पत्र में विधायक ने कहा कि उनके दिए गए पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है, जिसके चलते उनकी विधायक निधि का पैसा वापस किया जाए।

विधायक श्याम प्रकाश आरोप लगाया कि उनके द्वारा दी गई विधायक निधि का कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बार-बार कहने पर भी प्रशासन द्वारा पैसों का कोई हिसाब भी नहीं दिया जा रहा। ऐसे में विधायक ने कहा कि उनके द्वारा पूर्व में निर्गत की विधायक निधि की राशि को तत्काल वापस उनकी निधि के खाते में भेजा जाए ताकि इसका इस्तेमाल जनहित के अन्य कार्यों में किया जा सके।

बता दें कि हरदोई जिले में सबसे पहले गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने कोरोना संकट के लिए अपनी विकास निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। उन्होंने अपने निधि का प्रयोग विधानसभा क्षेत्र की जनता को कोरोना से बचाव के लिए इंतजामों पर खर्च करने की बात कही थी, लेकिन बाद में विधायक ने निधि से दिए गए 25 लाख रुपये से कोरोना से निपटने के लिए विभिन्न उपकरण व सामग्री खरीदने के संबंध में संशोधित पत्र भेजा था।

उधर, विधायक श्याम प्रकाश के द्वारा मांगी जा रही अपनी विधायक निधि की राशि को लेकर जिला प्रशासन असमंजस में है। माना जा रहा है कि विधायक निधि से 25 लाख रुपये अवमुक्त करने संबंधी पत्र पर इसका 60 फीसदी धन पहली किस्त के रूप में स्वास्थ्य विभाग को दिया जा चुका है, जिसकी वजह से अब प्रशासन कश्मकश में है।

1742 views