डोर-टू-डोर खाद्यन्न सामग्री तथा सब्जी वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जायेगा*

*डोर-टू-डोर खाद्यन्न सामग्री तथा सब्जी वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जायेगा*
*संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी ने ली समीक्षा बैठक*
इंदौर 15 अप्रैल,2020
संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा आज किराना सामग्री, सब्जी, दवाई आदि सप्लाई एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक में संयुक्त राजस्व आयुक्त श्रीमती सपना सोलंकी, खाद्य अधिकारी श्री मुजालदा, मंडी समिति के अधिकारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे । किराना व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधि ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से क्षेत्रीय किराना व्यापारियों द्वारा छोटे-छोटे आर्डर दिए जाते हैं, जिसे सप्लाई करने में परेशानी होती है। इंदौर में लगभग 20 से 25 विभिन्न क्षेत्रों में होलसेलर हैं, जोकि क्षेत्रीय किराना व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। शहर के होलसेलर व्यापारियों को उनके क्षेत्र में किराना व्यापारियों को सप्लाई करने की अनुमति दी जाना चाहिए।
उक्त सुझाव पर संभागायुक्त श्री त्रिपाठी द्वारा निर्देश दिए गए कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों के होलसेलर व्यापारियों को किराना सामग्री उनके गोडाउन से ही सप्लाई करने की अनुमति दी जा सकती है तथा उन्हें इस हेतु पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे। आटा, दाल, नमक, तेल, मिर्च, मसाले व अन्य सामग्री के होलसेलर व्यापारियों की लिस्ट बनाने के खाद्य अधिकारी को निर्देश दिए गए।
सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा में आए सुझाव पर निर्देश दिए कि कितने सब्जी होलसेल व्यापारी हैं, उनकी लिस्ट बना लें । सब्जी डोर-टू-डोर सप्लाई हेतु पैकेजिंग के लिए शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर जैसे महू, देपालपुर, खंडवा रोड, आदि पर स्थान चिन्हित करें, जहां पर सब्जी के पैकेजिंग किया जा सके। इसके साथ ही शहर के जोन एवं वार्ड स्तर पर मैपिंग व प्लान बनाएं, जिससे सब्जी की सप्लाई डोर-टू-डोर घरों पर की जा सके । सब्जी का सप्लाई लोडिंग रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर ही किया जा सकेगा। किसी भी स्थिति में ठेले, मंडी, बाजार से सब्जी बेचने की अनुमति नहीं होगी।
दवा बाजार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से हुई चर्चा के प्रकाश में संभागायुक्त श्री त्रिपाठी द्वारा निर्देश दिए गए कि दवा बाजार में एंट्री पर 1+4 का पुलिस गार्ड लगाया जाये, जो केवल दवा बाजार के अंदर दवाई दुकान के रिटेलर को ही अंदर जाने की अनुमति देंगे। दवा बाजार के कर्मचारियों के लिए दुकान पर आने हेतु पास जारी करने के लिए भी कहा गया तथा व्यापारियों की मांग पर दवा बाजार को सेनीटाइज करने हेतु निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए । ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों साथ बैठक में ज्ञात हुआ कि ड्राइवरों को ग्रामीण क्षेत्र व अन्य क्षेत्रों से आने में परेशानी आ रही है, इस पर संभागायुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि ड्राइवरों द्वारा अपना हेवी विकल लाइसेंस दिखाने एवं किस ट्रांसपोर्ट व्यवसाई के वहां कार्य करते हैं, उस संबंध में परिचय पत्र उपलब्ध कराने पर उन्हें ट्रांसपोर्ट तक आने-जाने की अनुमति रहेगी। ट्रांसपोर्ट पर आने वाले ड्राइवरों के लिए टोल टैक्स पर मेडिकल टीम के द्वारा उनकी मेडिकल चेकिंग एवं उन्हें मास्क सैनिटाइजर उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश दिए गए ।

1970 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *