एम्स शासी निकायों में सात राज्यसभा सदस्यों की नियुक्ति
नई दिल्ली।राज्यसभा सचिवालय ने देश के सात विभिन्न अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) के शासी निकायों के लिए नए सदस्यों के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
संसद के उच्च सदन से सात सांसदों को सर्वसम्मति से विभिन्न राज्यों में स्थित प्रतिष्ठित एम्स संस्थानों के लिए चुना गया है।चुनावी प्रक्रिया और निर्वाचित सदस्य केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा दिए गए प्रस्ताव के नोटिस के बाद राज्यसभा में यह चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई थी। निर्वाचित सदस्यों और उनके संबंधित संस्थानों की सूची :
एम्स अवंतीपोरा : श्री गुलाम अली (कार्यकाल : 13 सितंबर, 2028 तक)
एम्स बठिंडा : डॉ. अशोक कुमार मित्तल (कार्यकाल : 9 अप्रैल, 2028 तक)
एम्स भोपाल : श्री रजनीश कुमार अग्रवाल (कार्यकाल: 21 जून, 2032 तक)
एम्स गुवाहाटी: श्री बीरेंद्र प्रसाद बैश्य (कार्यकाल: 14 जून, 2031 तक)
एम्स विजयपुर : श्री सत पॉल शर्मा (कार्यकाल: 24 अक्टूबर, 2031 तक)
एम्स मदुरै : श्री आई. एस. इनबादुरै (कार्यकाल: 24 जुलाई, 2031 तक)
एम्स जोधपुर : श्री मदन राठौड़ (कार्यकाल: 3 अप्रैल, 2030 तक)
स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश
राज्यसभा सचिवालय के उप सचिव अनुराग सैनी द्वारा हस्ताक्षरित इस आधिकारिक पत्र में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सचिवालय ने मंत्रालय से कहा है कि वे चुनाव के एक सप्ताह के भीतर सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को औपचारिक पत्र भेजें।इस पत्र के माध्यम से सांसदों को संबंधित एम्स संस्थानों के नियमों, उनकी भूमिकाओं, कार्यों और वैधानिक जिम्मेदारियों के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही, इन विशिष्ट चिकित्सा निकायों के सुचारू संचालन और सांसदों के मार्गदर्शन के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के एक उपयुक्त स्तर के अधिकारी को भी तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
1742 views





