महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग रखने की मांग, पीएम मोदी से मिलेंगे NCP शरद गुट के 8 सांसद*
संसद के मानसून सत्र के बीच एनसीपी (शरद गुट) के आठ सांसद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मुलाकात से पहले कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल से प्रधानमंत्री के सामने इंडिया गठबंधन का रुख स्पष्ट रूप से रखने को कहा है। कांग्रेस की मांग है कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को परिसीमन से अलग रखते हुए तत्काल लागू किया जाए। कांग्रेस के एआईसीसी सचिव सचिन सावंत ने एनसीपी (शरद गुट) के प्रतिनिधिमंडल से प्रधानमंत्री के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाने का आग्रह किया। उनका कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले के अनुसार पार्टी के आठ सांसद प्रधानमंत्री से मुलाकात कर महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। इनमें किसानों की आत्महत्या, पानी का संकट और तेजी से बढ़ते शहरीकरण से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। परिसीमन को लेकर विपक्षी दलों का कहना है कि महिला आरक्षण को इससे जोड़ने के बजाय इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया है।






