श्रीमती प्रीति यादव ने एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर के कार्यकारी संचालक का पदभार किया ग्रहण

इंदौर।मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर में आज श्रीमती प्रीति यादव ने कार्यकारी संचालक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। श्रीमती यादव भारतीय प्रशासनिक सेवा – 2016 बैच की अधिकारी है। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक का पद ग्रहण करने के पूर्व वे कलेक्टर जिला आगर-मालवा के रूप में कार्यरत थी।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत श्रीमती यादव ने क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का परिचय प्राप्त करते हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की तथा टीम भावना के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एमपीआईडीसी प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूर्ण समर्पण, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए समय-सीमा में सभी प्रकरणों एवं विकास कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निवेशकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्रीमती यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सकारात्मक कार्य संस्कृति तथा टीमवर्क के माध्यम से क्षेत्रीय कार्यालय नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा। उन्होंने चल रही औद्योगिक एवं अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग तथा कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
67 views





