SIT रिपोर्ट तक अयोध्या नहीं छोड़ेंगे चंपत राय, जांच में हर संभव सहयोग का दिया भरोसा

SIT रिपोर्ट तक अयोध्या नहीं छोड़ेंगे चंपत राय, जांच में हर संभव सहयोग का दिया भरोसा*
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने अपने करीबी सहयोगियों से कहा है कि एसआईटी की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे। सूत्रों के अनुसार, उनका कहना है कि जांच पूरी होने तक वह यहीं रहकर हर आवश्यक सहयोग देंगे। बताया जा रहा है कि चंपत राय 23 जून से राम मंदिर परिसर से सटे तीर्थ क्षेत्र भवन में रह रहे हैं और हाल के दिनों में सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। इसी बीच बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा और गोपाल राव ने तीर्थ क्षेत्र भवन पहुंचकर चंपत राय से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्होंने दोहराया कि अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी, इसलिए फिलहाल अयोध्या से बाहर जाने का कोई विचार नहीं है। हालिया घटनाक्रम के बीच चंपत राय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। तीर्थ क्षेत्र भवन के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों की निगरानी कड़ी कर दी गई है। वहीं, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने कहा कि चंपत राय ट्रस्ट के नए निर्णयों और व्यवस्थाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं तथा मंदिर की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के हर प्रयास में उनका पूरा सहयोग है।

268 views