विश्व पोहा दिवस पर इंदौर में सजा स्वाद और संस्कृति का उत्सव

*विश्व पोहा दिवस पर इंदौर में सजा स्वाद और संस्कृति का उत्सव*

*महापौर बोले – “पोहा इंदौर का दिल, सेव उसकी धड़कन”*

इंदौर। विश्व पोहा दिवस के अवसर पर विश्राम बाग में *इंदौरी पोहा, इंदौरी बात महापौर के साथ* कार्यक्रम का भव्य आयोजन इंदौर के पश्चिम क्षेत्र स्तिथ विश्राम बाग पर किया गया। कार्यक्रम में शहर की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक स्वाद और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ पार्षद योगेश गेदर, भाजपा नगर उपाध्यक्ष भारत पारख, महापौर प्रतिनिधि शैलू दवे, भावेश दवे एवं रमेश खत्री सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान योग मित्र अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा को लेकर योग के माध्यम से विशेष प्रस्तुति दी गई। आयोजन में शहर के प्रमुख पोहा निर्माताओं का महापौर द्वारा सम्मान भी किया गया। इस दौरान पोहा व्यवसाय से जुड़े लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे इंदौरी पोहा आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है।

*महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर में पोहा केवल नाश्ते का व्यंजन नहीं, बल्कि शहर की संस्कृति और पहचान है। उन्होंने कहा कि शहर में कई ऐसी दुकानें हैं जहां लोग दोपहर और देर रात तक पोहा खाने पहुंचते हैं। रात तीन बजे भी लोग पोहा खाने निकल पड़ते हैं, यही इंदौर की खासियत है*
महापौर ने कहा कि आज अमेरिका, इंग्लैंड सहित भारत के कई शहरों में इंदौरी पोहा की दुकानें दिखाई देती हैं, लेकिन इंदौरी स्वाद और भाव को कोई पूरी तरह नहीं दोहरा सकता। उन्होंने कहा कि पोहा केवल स्वाद नहीं, बल्कि हजारों लोगों की आर्थिक मजबूती का माध्यम भी है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा
*पोहा इंदौर का दिल है, तो सेव उसकी धड़कन।*
महापौर ने छोटे व्यापारियों और पोहा विक्रेताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कई लोगों ने छोटी दुकानों से शुरुआत कर अपनी मेहनत से बड़ा मुकाम हासिल किया है। ऐसे लोगों का सम्मान समाज को प्रेरणा देने का कार्य करता है।

कार्यक्रम के अंत में महापौर ने जल संरक्षण को लेकर भी नागरिकों से अपील की। उन्होंने कहा कि इंदौर में पानी की कमी नहीं है, लेकिन वर्षा जल को जमीन में उतारना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।

1474 views