NEET पेपर लीक पर दिग्विजय सिंह का पीएम को पत्र, 8 साल की परीक्षाओं पर मांगा श्वेत पत्र*
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नीट-यूजी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों के मामलों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई, गिरफ्तार आरोपियों की स्थिति और दायर आरोपपत्रों का विवरण भी सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों में असमंजस और तनाव की स्थिति बनी है। ऐसे में सरकार को पारदर्शिता दिखाते हुए छात्रों का भरोसा बहाल करना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि कई मामलों में जांच की प्रगति और निष्कर्षों को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है, जिससे छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।






