एक तरफ तारीफ, दूसरी तरफ तकरार: भारत को लेकर रूस-अमेरिका आमने-सामने*
भारत को लेकर रूस और अमेरिका के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की स्वतंत्र विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर ऊंचे टैरिफ लगाने और अमेरिका का लाभ उठाने का आरोप लगाया है। सेंट पीटर्सबर्ग में मीडिया से बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि भारत तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है और रूस उसके साथ अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। उन्होंने कहा कि बाहरी दबावों के बावजूद भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता दी है और दोनों देशों के व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दूसरी ओर ट्रंप ने भारत के साथ व्यापारिक असंतुलन और आयात शुल्क को लेकर नाराजगी जताई। हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की संभावनाएं बनी हुई हैं। अमेरिका द्वारा हाल ही में कई देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद व्यापारिक तनाव बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस और अमेरिका के ताजा बयान इस बात का संकेत हैं कि वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। दुनिया की बड़ी शक्तियां अब भारत को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक और आर्थिक साझेदार के रूप में देख रही हैं।






