*पानी मिलने के बाद भी हंगामा, कांग्रेस कर रही राजनीतिक नौटंकी -महापौर*
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस के प्रदर्शन को नौटंकी बताते हुए कहा की कांग्रेस के नेता, चाहे प्रदेश अध्यक्ष हों या इंदौर में नौटंकी करके प्रदर्शन करने वाले लोग, ये दोगलेपन और नौटंकी का पर्याय बन चुके हैं। एक तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपील जारी करते हैं कि जल संरक्षण और पानी बचाने के अभियान को बढ़ावा दिया जाए,ओर हंगामा न किया जाए, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के पार्षद अपने वार्ड में पानी मिलने के बाद भी सबसे ज्यादा हंगामा और प्रदर्शन कर रहे हैं।
आज भी उन्होंने प्रदर्शन रखा है। सबसे पहले कांग्रेस के पार्षद और नेता यह बताएं कि उन्हें शहर में पानी की आपूर्ति व्यवस्था की कितनी समझ है। शहर में कहां कितना पानी आता है, कितना दबाव बढ़ा है और किन चुनौतियों के बीच जल आपूर्ति की जा रही है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
उन्हें यह भी हिसाब देना चाहिए कि उनके वार्ड में जितने टैंकर दिए गए, उनमें से कितनों को पानी मिला और उन सुविधाओं का क्या उपयोग हुआ। नगर निगम दो महीने पहले से ही टैंकर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा चुका है। उनका उपयोग कैसे किया गया, इसका जवाब कांग्रेस नेताओं को जनता के सामने देना चाहिए।
ये लोग तीन-तीन और चार-चार बार पार्षद रहे हैं, कई नेता दो-दो बार विधायक भी रहे हैं। अब समय आ गया है कि जीतू पटवारी और कांग्रेस के अन्य नेता यह बताएं कि उन्होंने अपने क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए क्या काम किया। जनता को इसका हिसाब देने का समय आ गया है। केवल प्रदर्शन और नौटंकी करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा।






