*महावीर जन्म कल्याणक आयोजन विवाद पर बढ़ा दबाव, समाधान की मांग तेज*
इंदौर । श्वेतांबर जैन समाज में महावीर जन्म कल्याणक दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उत्पन्न विवाद अब गहराता जा रहा है। आयोजन में हुई अव्यवस्थाओं और व्यवहारिक त्रुटियों को लेकर समाज के भीतर असंतोष का माहौल बना हुआ है।
श्री नाकोड़ा जैन कांफ्रेंस के तत्वावधान में आयोजित नवकारसी कार्यक्रम में महासंघ के नामित इवेंट कंपनी के झांकी ट्रैक्टर पार्किंग बाधित होने तथा स्वामी वात्सल्य स्थल पर बाउंसरों की मौजूदगी,जुलूस में शस्त्र प्रदर्शन ,स्वामी वात्सल्य भोजन में गुणवत्ता आभाव को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई। इन घटनाओं को अविनयपूर्ण व्यवहार के रूप में देखा जा रहा है, जिससे समाज की गरिमा प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
इस बीच, अष्टमंगल इवेंट कंपनी ने लिखित रूप से श्री नाकोड़ा जैन कांफ्रेंस से क्षमायाचना करते हुए अपनी त्रुटि स्वीकार कर ली है। इसके बाद महासंघ के न्यासियों का कहना है कि अब महासंघ नेतृत्व को भी आगे आकर विवाद के समाधान की पहल करनी चाहिए और आपसी समरसता स्थापित करनी चाहिए।
न्यासियों का मानना है कि इस प्रकार के मुद्दों का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो इससे समाज की एकता और सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार, इस विषय को लेकर न्यासियों ने नेतृत्व पर दबाव बनाया, लेकिन नेतृत्व ने अपने निर्णय पर अडिग रहने की बात कही है।
महासंघ नेतृत्व के इस रुख से अब न्यासियों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। समाज के वरिष्ठजन मानते हैं कि ऐसे संवेदनशील मामलों में संवाद और विनम्रता ही विवाद के समाधान का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।






