इंदौर में ब्राउन शुगर के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार

इंदौर में ब्राउन शुगर के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार

इंदौर, 13 मार्च। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजाद नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में कुछ लोग मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मूसाखेड़ी निवासी नेहा को पकड़ा, जिसके पास से 11.4 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में संदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 21.4 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। दोनों के खिलाफ आजाद नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और शहर में किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी।

737 views