फुटपाथियों को आगे कर दबाव बनाने की रणनीति, कृष्णपुरा में कार्रवाई का वीडियो वायरल

*अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस से बेचैन ‘पीली गैंग’?*
फुटपाथियों को आगे कर दबाव बनाने की रणनीति, कृष्णपुरा में कार्रवाई का वीडियो वायरल


इंदौर। शहर में सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम की सख्ती के बीच अब अंदरखाने चल रही खींचतान भी सामने आने लगी है। बाजार में चर्चा है कि निगम आयुक्त द्वारा सड़क कब्जों पर जीरो टॉलरेंस का ऐलान होते ही तथाकथित “पीली गैंग” की बेचैनी बढ़ गई है।
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से फुटपाथ कारोबारियों और निगम के कुछ निचले अमले के बीच तालमेल की चर्चाएं बाजार में होती रही हैं। इसी कारण जब भी सड़क और फुटपाथ पर सख्ती की बात आती है, तो कार्रवाई से पहले ही कई जगह फुटपाथ कारोबारी सतर्क हो जाते हैं।
हालांकि इस बार मामला तब बदल गया जब निगम के अपर आयुक्त स्वयं मैदान में उतरकर अतिक्रमण की कार्रवाई और निरीक्षण करने लगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद पीली गैंग के इशारे पर फुटपाथ कारोबारियों को सक्रिय कर दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई।
बाजार के सूत्र बताते हैं कि फुटपाथ नहीं लग पाने से पीली गैंग में खासा असंतोष है। बुधवार को कृष्णपुरा रोड पर अपर आयुक्त ने स्वयं मौके पर पहुंचकर फुटपाथ और अतिक्रमण का मुआयना किया। इसी दौरान रिमूवल दल से जुड़े एक कर्मचारी द्वारा चिन्हित व्यापारी की दुकान से सामान जब्त करने की कार्रवाई की गई।
इस पर व्यापारी ने मौके पर ही विरोध जताते हुए रिमूवल गैंग पर गंभीर आरोप लगाए। व्यापारी का कहना था कि कार्रवाई से पहले फुटपाथ कारोबारियों को सूचना दी जाती है और अवैध वसूली भी होती है।
घटनाक्रम का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
इधर, बताया जा रहा है कि अपर आयुक्त पूरे मामले की सच्चाई जानने में जुटे हैं। वहीं बाजार में यह भी चर्चा है कि उन पर दबाव बनाने के लिए फुटपाथ कारोबारियों के जरिए सड़क पर आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या नगर निगम का निचला अमला ही फुटपाथ कारोबार का संरक्षक बनता जा रहा है?
फिलहाल प्रशासन की सख्ती और वायरल वीडियो के बाद अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी तेज हो गई है।

3149 views