एक अप्रैल से पहले होगी घरों की गणना, जनगणना की तैयारी शुरू

एक अप्रैल से पहले होगी घरों की गणना, जनगणना की तैयारी शुरू*
जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए मकान सूचीकरण और मकान गणना का काम इस साल एक अप्रैल से शुरू होगा। इसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर दस्तक देंगे। 30 से ज्यादा सवालों की सूची तैयार कर ली गई है। इससे संबंधित अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई। पहला चरण एक अप्रैल से 30 सितंबर तक चलेगा। इसमें घरों की सूची तैयार की जाएगी, जिसके लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की ओर से निर्धारित 30 दिनों की अवधि में अभियान चलाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 30 दिन का गृह सूचीकरण अभियान शुरू होने से ठीक पहले 15 दिनों की अवधि में स्व-गणना कराने का विकल्प भी उपलब्ध होगा। इसमें मकानों व उसमें रहने वालों के रहन सहन के स्तर का ब्योरा एकत्र होगा। वर्तमान में लद्दाख व पश्चिम बंगाल को छोड़कर पूरे देश में पहले चरण के मकान सूचीकरण के लिए पूर्वाभ्यास चल रहा है। प्रगणकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यह प्रगणक ऑनलाइन व घर घर जाकर दोनों तरह से आंकड़ों को एकत्र करेंगे।

2546 views