सीएम योगी ने किया ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ, पीएम मोदी के जीएसटी रिफॉर्म को बताया दीपावली का तोहफ़ा

सीएम योगी ने किया ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ, पीएम मोदी के जीएसटी रिफॉर्म को बताया दीपावली का तोहफ़ा*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने आवास से नशामुक्त भारत के लिए ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ किया। यह मैराथन कालिदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे तक निकाली गई। इस अवसर पर सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित जीएसटी रिफॉर्म को दीपावली का उपहार बताते हुए कहा कि इससे छात्रों की शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर और आवश्यक वस्तुओं पर छूट मिलेगी, जबकि नशे और फिजूलखर्ची पर भारी टैक्स लगाया गया है। सीएम ने कहा कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए बाइक, कार, घर और निर्माण सामग्री पर भी छूट दी गई है। उन्होंने विजयदशमी पर हर गांव और कस्बे में भ्रष्टाचार, अन्याय और नशे के प्रतीक पुतले जलाने का आह्वान किया। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर समाज ही स्वस्थ समाज का निर्माण करता है। उन्होंने ‘नमो मैराथन’ जैसे आयोजनों को समाज को नई दिशा देने वाला कदम बताया और कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य व युवा कल्याण से जुड़े कई अभियानों को गति दी है। युवा शक्ति सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इस मैराथन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

2881 views