उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा मानसून*
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अनुकूल स्थितियों से मजबूती लेकर मानसून बहुत तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। यह इसी महीने के अंत तक बिहार के आधे हिस्से तक भी पहुंच सकता है, किंतु तीन-चार दिनों के बाद गति में कमी आएगी। जून के पहले हफ्ते से बेहिसाब मानसूनी बारिश में थोड़ी कमी आएगी। फिर भी देश के अधिकांश हिस्सों में जून में सामान्य से अधिक वर्षा होने का अनुमान है। इससे गर्मी से राहत मिलती रहेगी। आइएमडी ने मंगलवार को मानसून का दूसरा पूर्वानुमान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य, पूर्वोत्तर हिस्से में सामान्य से कम और मध्य भारत के साथ दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।






