दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार, सीएम आतिशी ने दिया इस्तीफा*
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को अपना इस्तीफा उपराज्यपाल वीके सक्सेना को सौंप दिया। इस्तीफे के बाद उपराज्यपाल ने सातवीं दिल्ली विधानसभा को भंग कर दिया। सितंबर 2024 में अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी मुख्यमंत्री बनी थीं, लेकिन चार महीने के भीतर ही आम आदमी पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद सत्ता में वापसी की, जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई। हालांकि, आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत हासिल की, जहां उन्होंने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को 3,580 वोटों से हराया। चुनाव परिणाम के बाद आतिशी ने कहा कि वह जनता के जनादेश को स्वीकार करती हैं और अपनी टीम का आभार जताती हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत की।






