कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संपदा 2.0 की समीक्षा की गई

*कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संपदा 2.0 की समीक्षा की गई*
इंदौर 23 अक्टूबर 2024
कलेक्टर श्री आशीष सिंह की अध्यक्षता में आज संपदा 2.0 के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने दस्तावेज़ों के ऑन लाईन ई-पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संपदा-2.0 में पंजीयन और विशेष जागरूकता प्रयास संबंधी निर्देश दिये। वरिष्ठ जिला पंजीयक डॉ. अमरेश नायडू ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जिले के समस्त राजस्व अधिकारी एवं अन्य सभी विभागों के अधिकारियों के साथ ही जिला पंजीयक उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे प्रदेश में संपदा-2.0 योजना को लागू किया है। बैठक में वरिष्ठ जिला पंजीयक डॉ. नायडू ने संपदा-2.0 के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कुछ चयनित दस्तावेज़ों के असिस्टेड एवं नॉन असिस्टेड ऑन लाइन पंजीयन की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे दस्तावेज़ों का पंजीयन कार्यालय में आए बिना देश/विदेश के किसी भी स्थान से वीडियो केवाईसी एवं इंटरएक्टिव लाईव-वीडियो के तहत किया जा सकता है और पंजीबद्ध दस्तावेज पक्षकारों को उनके व्हाटसएप एवं ई-मेल पर प्राप्त हो जाएंगे। अचल संपत्ति के अंतरण से संबंधित दस्तावेज़ों के पंजीयन में भी निष्पादक एवं पक्ष कारों की पहचान गवाहों के बजाय आधार कार्ड के डेटाबेस से की जाएगी। उप पंजीयक कार्यालयों में निष्पादक एवं पक्षकारों के बायोमेट्रिक्स (अंगुष्ठ निशान/आइरिस) बायोमेट्रिक डिवाइस के ज़रिए लिए जाएंगे और उप पंजीयक कार्यालय में पंजीबद्ध ऐसे दस्तावेज व्हाटसएप एवं ई-मेल पर भी भेजे जाएंगे। डॉ. नायडू ने बताया कि संपदा-2.0 में दस्तावेजों का सुगमता से पंजीयन के लिए पक्षकारों को दस साल से पुराने आधार कार्ड को अपडेट कराना होगा एवं आधार के डेटा बेस में अद्यतन मोबाइल नम्बर दर्ज करवाना अनिवार्य होगा। पंजीबद्ध दस्तावेज में फ़ोटो एवं अन्य जानकारी आधार के डेटा बेस से लेकर दस्तावेज पर इंप्रिट की जाएगी। संपदा 2.0 में आम व्यक्ति एवं संबंधित विभाग के अधिकारी संपदा 2.0 के पोर्टल पर ऑनबोर्ड होकर लॉग-इन आईडी और पासवर्ड क्रियेट कर ई-वॉलेट से पेमेंट कर आवश्यकतानुसार ई-स्टाम्प भी जनरेट कर सकेंगे।

1943 views