*मप्र में इंडी गठबंधन में फूट, सपा ने कांग्रेस से आए अर्जुन राय को बुधनी से बनाया प्रत्याशी*
: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद अब उपचुनाव में भी आइएनडीआइए में फूट देखने को मिली है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के त्यागपत्र से रिक्त हुई बुधनी विधानसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। सपा ने एक दिन पहले ही कांग्रेस से आए अर्जुन राय को प्रत्याशी बनाया है।
*कांग्रेस प्रदेश सचिव रहे हैं राय*
राय कांग्रेस में प्रदेश सचिव रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव के पहले से क्षेत्र में सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव में भी यहां से टिकट मांग रहे थे, पर कांग्रेस ने विक्रम मस्ताल को उम्मीदवार बनाया था। वह किसान नेता के रूप में सक्रिय रहे हैं। क्षेत्र में पदयात्राएं भी कर चुके हैं। इस कारण कांग्रेस को उनके आने से बड़े नुकसान की आशंका है। राय जाट हैं। वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। यही कारण है कि पार्टी सपा और अर्जुन राय को मनाने में लगी है।






