अखिलेश को कांग्रेस से सावधान कर भाजपा ने खेला सियासी दांव, सपा भी कर रही नफा-नुकसान का आकलन*
सपा और कांग्रेस के रिश्ते आगे कितना मजबूत रहेंगे, यह तो भविष्य बताएगा, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की ओर से उछाले गए दोनों दलों के सियासी रिश्तों के भविष्य के मुद्दे ने सपा के भीतर हलचल जरूर पैदा कर दी है। भाजपा के इस पैंतरे पर सपा व कांग्रेस में बड़े स्तर पर भले ही कोई चर्चा न दिख रही हो, लेकिन अंदरखाने इस दोस्ती के नफा-नुकसान का आकलन लगातार चल रहा है। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने यूं ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सावधान करने का दांव नहीं चला है। यूपी की राजनीति के जानकार अच्छी तरह से जानते हैं कि कांग्रेस के पतन पर ही सपा व अन्य क्षेत्रीय दलों की इमारत खड़ी हुई थी। सपा में अब मुस्लिम वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर की चर्चा आम है। पार्टी के दिग्गज भविष्य में इसके नुकसान के लिए आगाह भी कर रहे हैं।






