अखिलेश ने संतों व धार्मिक स्थलों तो राहुल ने रोजगार के बहाने युवाओं को साधा

अखिलेश ने संतों व धार्मिक स्थलों तो राहुल ने रोजगार के बहाने युवाओं को साधा*
सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने भाषण में न केवल भाजपा को घेरा, बल्कि जिले के धार्मिक स्थलों पर केंद्रित कर लोगों से नाता जोड़ा। उन्होंने शुरुआत में देवों की धरती, बाबा दुग्धेश्वरनाथ, महेंद्रानाथ के अलावा यहां के सिद्ध संत देवरहा बाबा, बाबा राघवदास को याद किया। अखिलेश ने आस्था के बहाने भावनात्मक लगाव दिखाने की भरपूर कोशिश की। भीड़ ने भी तालियां बजाकर उत्साह दिखाया। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए बरहज के बरांव चौराहा के निकट आयोजित कांग्रेस व समाजवादी पार्टी की संयुक्त जनसभा में अखिलेश यादव ने करीब नौ मिनट भाषण दिया। उन्होंने करीब डेढ़ मिनट संतों व देवनगरी की चर्चा की। इसके बाद मंच पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मौका दिया। राहुल गांधी ने जैसे ही माइक संभाला, युवाओं की तरफ से जिंदाबाद के नारे लगने लगे। फिर राहुल ने केंद्र सरकार व भाजपा पर धुंआधार प्रहार शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में उन्होंने संविधान बनाने, दलितों पर अत्याचार की बात कही। फिर आरक्षण का पासा फेंका।

1876 views