मोदी कहेंगे परमात्मा के कहने पर अदाणी-अंबानी को इतना धन दिया*
तपती-सुलगती दुपहरी में भी चेहरे पर कोई शिकन नहीं। अपने वादों को दोहराने में किसी झिझक से परे एक सुलझे-समझदार वक्ता की तरह राहुल गांधी जन-समूह से संवाद करते हैं तो प्रत्युत्तर में जीत का आश्वासन भी लेते हैं। एक माह के अंतराल पर पटना पहुंचे राहुल ने एक दिन में तीन जनसभाएं की। विरोधियों को ललकारा, सहयोगियों को पुचकारा और जन-समूह को यह समझाने का भरसक प्रयास किया कि कांग्रेस के पांच न्याय व 25 गारंटियों में सर्व- समाज का हित निहित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनके नेतृत्व वाला राजग संविधान व आरक्षण में बदलाव की मंशा से 400 पार का नारा दिए हुए है, क्योंकि उसे देश की सार्वजनिक संपत्ति कुछ धन्नासेठों के हवाले करनी है। आश्चर्यजनक यह कि मोदी इसके लिए भी बहाना ढूंढ़ लेंगे। अगर पूछा जाए कि उन्होंने अदाणी-अंबानी को इतना धन क्यों दे दिया तो वह कहेंगे कि परमात्मा का आदेश था।






