राहुल गांधी पर मोदी ने साधा निशाना*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम आरक्षण पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को फिर निशाने पर लिया। बंगाल की रैली में पीएम मोदी ने कहा, शहजादे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुलेआम कह रहे हैं कि मुसलमानों को आरक्षण देंगे। यही कांग्रेस की सच्चाई है, जिसे इस सबसे पुरानी पार्टी व उसके इकोसिस्टम ने बरसों तक देश के सामने आने नहीं दिया। पीएम मोदी ने कहा, मैंने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के शहजादे का एक वीडियो देखा। इसमें वह कह रहे हैं कि मुसलमानों को आरक्षण देंगे। यह बड़ी गंभीर बात है। मोदी ने कहा, मीडिया के एक इकोसिस्टम ने इन्हें खूब बचाया, लेकिन अब कान खोलकर सुन लें, देश इस चुनाव में इन्हें सजा देने वाला है। यह वीडियो 11 से 12 साल पुराना है। एक तरफ उस वक्त के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कहते थे, देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। वहीं, रिमोट कंट्रोल से सरकार चला रहे शहजादे ताल ठोक कर कहते हैं, कांग्रेस मुसलमानों को आरक्षण देगी। मोदी ने कहा, जब दुनिया तेजी से विकास कर रही थी, तब कांग्रेस घोटालों का कीर्तिमान गढ़ रही थी।






