आज थम जाएगा पांचवें चरण का प्रचार : राजनाथ, राहुल और स्मृति भी हैं मैदान में

आज थम जाएगा पांचवें चरण का प्रचार : राजनाथ, राहुल और स्मृति भी हैं मैदान में*
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रदेश की 14 सीटों के लिए प्रचार शनिवार शाम थम जाएगा। इस चरण में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन इरानी चुनाव मैदान में हैं। राम मंदिर निर्माण के बाद पहले लोकसभा चुनाव की वजह से नजरें अयोध्या सीट पर भी हैं। यहां भाजपा लगातार तीसरी जीत के लिए मैदान में है। चर्चित कैसरगंज लोकसभा सीट पर भी लोगों की निगाहें हैं, जहां भाजपा ने अपने चर्चित सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे को दिया है। 20 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के साथ लखनऊ पूर्व विधानसभा उप चुनाव के लिए भी चार प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांचवें चरण के इन सभी लोकसभा क्षेत्रों के लिए 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शनिवार शाम छह बजे से चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लग जाएगा।

1876 views