धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की हो रही साजिश: मोदी

धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की हो रही साजिश: मोदी*
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह लोगों को धर्म के आधार पर बांटने की कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की साजिश का पर्दाफाश कर रहे हैं और उनके लिए देश की एकता उनकी अपनी छवि से अधिक महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कल्याण में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पूर्ववर्ती डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुसलमानों के लिए 15 प्रतिशत धन आवंटित करके देश के बजट को मुस्लिम बजट और हिंदू बजट में विभाजित करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन सत्ता में आने के बाद तुष्टीकरण की इस नीति को लागू करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘इंडी’ गठबंधन और ‘कांग्रेस के शहजादे’ धर्म को लेकर राजनीति कर रहे है और कर्नाटक उनकी प्रयोगशाला है। मोदी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में मुसलमानों को रातोंरात ओबीसी कोटा में शामिल कर लिया गया और कांग्रेस ने इसे देश के बाकी हिस्सों में लागू करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा, मोदी लोगों को धर्म के आधार पर बांटने संबंधी इंडी गठबंधन की साजिशों का पर्दाफाश कर रहे हैं। मेरी छवि से ज्यादा मेरे लिए देश की एकता महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस के लिए विकास का मतलब केवल उन लोगों के लिए है जो उसे वोट देते हैं।’ उन्होंने पूछा कि क्या देश को इस तरह से चलाया जाना चाहिए ? मोदी ने कहा, ‘नकली’ (उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली) शिवसेना को ‘कांग्रेस शहजादे’ से विनायक दामोदर सावरकर के पक्ष में पांच पंक्तियां बोलने के लिए कहना चाहिए। मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा, मुंबई विस्फोट के दोषी याकूब मेमन की कब्र को संवारा गया है और राम मंदिर के निमंत्रण को खारिज कर दिया गया है।

1876 views