इंडी गठबंधन को पड़ने वाला वोट पाप में भागीदार बनने जैसा : योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह के लिए रोड शो किया तो एटा से राजवीर सिंह को पुनः सदन में भेजने की अपील की। वहीं फिरोजाबाद के मतदाताओं का आह्वान किया कि सर्वांगीण विकास के लिए विश्वदीप सिंह को कमल के फूल पर वोट दें। तीनों जनसभाओं में सीएम कांग्रेस, सपा-बसपा पर हमलावर रहे। कहा, इंडी गठबंधन को मिलने वाला वोट पाप में भागीदार बनने जैसा है। फिरोजाबाद में तो सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र कहता है कि अल्पसंख्यकों को रुचि के अनुरूप खाने की स्वतंत्रता देंगे। आखिर ऐसा कौन सा भोजन है, जो बहुसंख्यक समाज को नहीं, लेकिन अल्पसंख्यक समाज को पसंद है। भारत का बहुसंख्यक कहता है कि हम गोमांस नहीं खाते, लेकिन कुछ लोग चिढ़ाने के लिए जानबूझकर गोहत्या को प्रश्रय देते हैं। इन्हें दिए गए वोट से आने वाली पीढ़ियां और दूसरे लोक के पूर्वज कोसेंगे कि क्या मजबूरी थी कि इनके पाप में भागीदार बन रहे हैं। मैनपुरी से आई आवाज- सात मई, सपा गई : मैनपुरी में योगी आदित्यनाथ को देख मतदाताओं के मनोभाव जुबां पर आ गए। रोड शो में मतदाताओं ने ‘बुलडोजर बाबा’ को विश्वास दिलाया कि मैनपुरी अब आपके पास। सात मई- मैनपुरी से सपा गई। चिलचिलाती धूप में भी सड़कों पर योगी के स्वागत में मैनपुरी का आम जनमानस उतरा। रोड शो के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आपका उत्साह बता रहा है कि मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा है। जो सपा बाबू कल्याण सिंह का अपमान करती हो, आस्था से खिलवाड़ करती हो, ऐसी परिवारवादी समाजवादी पार्टी को कांग्रेस के साथ गठबंधन की सजा दी जानी चाहिए। बाबा साहेब के संविधान का अपमान करना चाहती हैं सपा और कांग्रेस: एटा में योगी ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर देश में धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर देश का इस्लामीकरण करने की नीयत से तालिबानी शासन लागू करना चाहती है।






