संबोधन में सपा का नहीं लिया नाम, कांग्रेस और भाजपा पर साधा निशाना*
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बीसलपुर में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि पूर्व की सरकारों की तरह ही भाजपा सरकार में भी बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा मगर संबोधन में सपा का जिक्र तक नहीं किया। पीलीभीत और शाहजहांपुर के प्रत्याशी के समर्थन में सोमवार को जनसभा में मायावती ने कहा कि हमारी पार्टी कांग्रेस, भाजपा और अन्य किसी पार्टी या गठबंधन के साथ मिलकर नहीं बल्कि अकेले दम पर पूरी दमदारी से चुनाव मैदान में है। आजादी के बाद देश और काफी राज्यों में कांग्रेस की सरकार रही। गलत नीतियों व कार्यप्रणाली की वजह से कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा। इस कारण पिछले कई वर्षों से भाजपा और उनके सहयोगी दल केंद्र व राज्यों की सत्ता पर काबिज हैं। मगर अब इनकी भी जातिवादी, पूंजीवादी, संकीर्ण, सांप्रदायिक सोच तथा कथनी-करनी में अंतर होने की वजह से ऐसा लग रहा है कि इस बार भाजपा भी केंद्र की सत्ता में आसानी से आने वाली नहीं है। सभी जांच एजेंसियों का कर दिया राजनीतिकरण: बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस की तरह ही भाजपा ने भी केंद्र की सभी जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है। इसी तरह भाजपा में जातिवादी, संप्रदाय और पूंजीवादी सोच और नीतियों के चलते ही पूरे देश मे गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग और मुस्लिमों का उत्थान नहीं हो सका है। नौकरियों में अधूरा पड़ा कोटा भी पूरा नहीं हो सका है। कहा कि मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक धार्मिक समाज की हालत खराब है। वहीं, हिंदुत्व और धर्म की आड़ में ज्यादती बढ़ी है।






