सीएम योगी 50 हजार किसानों को देंगे सोलर पंप,सिंचाई करना होगा आसान*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले दो साल में 50 हजार किसानों को सोलर पंप देंगे। इससे डीजल पंप से मुक्ति मिलेगी। किसानों को खेतों में पानी लगाने में आसानी होगी। साथ ही आगरा में आलू शोध केंद्र बनने जा रहा है। इससे आलू किसानों को मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर आगरा स्थित उनके पैतृक गांव बटेश्वर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 148 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार से उत्तर प्रदेश में विकास हुआ है। जिस वक्त हमने बागडोर संभाली थी तब यूपी की अर्थव्यवस्था देश में छठवें स्थान पर थी। अब उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा आज प्रदेश में सुशासन है। विकास के साथ गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ी है। हवाई सेवा शुरू हो रही हैं। वर्ष 2017 में देश के पर्यटन में यूपी तीसरे स्थान पर था। प्रधानमंत्री मोदी पिछले साढ़े तीन साल से मुफ्त अनाज बांट रहे हैं। अटल ने मूल्यों, आदर्शों और प्रतिबद्धता से जनता की सेवा करना बताया। देश में विकास के बड़े कार्यक्रमों को लागू किया। सीएम ने कहा कि पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। किसान खेत पर नहीं जा पाते थे। विकास के पैसे का बंदर-बाट होता था। भगवान शिव के आशीर्वाद से यूपी की अर्थव्यवस्था को देश में नंबर एक करेंगे।






