विश्व कप का फाइनल मैच देखने के लिए पीएम मोदी पहुंच सकते हैं स्टेडियम*
भारतीय टीम विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उतरेगी। इस मुकाबले को भव्य बनाने की तैयारी जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंच सकते हैं। वहीं, एयर शो के आयोजन की भी योजना है। यह मैच से पहले हो सकता है। भारतीय टीम को स्टेडियम में करीब सवा लाख दर्शकों का साथ मिलेगा। पीएम मोदी इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान अहमदाबाद के स्टेडियम में नजर आए थे। पहली बार यहां विश्व कप के फाइनल का आयोजन होना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दिन को यादगार बनाने के लिए एक एयर शो का आयोजन किया जा सकता है। गुरुवार को स्टेडियम के आसपास जेट उड़ते दिखे हैं। फाइनल मैच से पहले एयर शो के लिए संबंधित विभाग से इजाजत मांगी गई है।






