हरियाणा हिंसा पर बसपा मायावती ने जताई नाराजगी,मणिपुर की तरह कानून व्यवस्था हुई ध्वस्त*
बहुजन समाजवादी पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा में सांप्रदायिक दंगा भड़कना और गुरूग्राम में बिना रोक-टोक फैल जाना बेहद दुखद पूर्ण है। लोगों की संपत्तियों की भारी हानि होने से यह साबित होता है कि हरियाणा में मणिपुर की तरह ही कानून व्यवस्था ध्वस्त है। वहां का खुफिया तंत्र निष्क्रिय है। कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में हरियाणा की मदद करे। मायावती ने बुधवार को बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि जैसा हरियाणा राज्य का दावा है दंगा विहिप आदि की यात्रा पर पथराव को लेकर शुरू हुआ। इससे यह स्पष्ट है कि हरियाणा सरकार यात्रा को सुरक्षा देने में विफल रही है। सरकार की नीति, नीयत व कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। बसपा की मांग है कि हरियाणा राज्य सरकार को सुरक्षा और अमन चैन बहाली का ईमानदार प्रयास करना चाहिए। केंद्र सरकार को भी राज्य सरकार की मदद को आगे आना चाहिए ताकि वहां हालात आगे न बिगड़ने पाएं। इसकी आशंका को लेकर ही दिल्ली, यूपी व अन्य राज्यों में रेड अलर्ट किया गया है। नूंह की घटना को देखकर लग रहा है कि हरियाणा के पास दंगा व उसे लेकर आगे भड़क रही हिंसा को रोकने की नीयत का अभाव है जो चिंता जनक है। वैसे भी मणिपुर हो या हरियाणा समेत अन्य राज्यों की शर्मनाक घटनाएं, दंगा एवं हिंसा को राजनीति तथा संकीर्ण स्वार्थ पूर्ति का साधन बनने की अनुमति किसी भी राज्य सरकार को नहीं देनी चाहिए।
1005 views





