लोकसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव का बड़ा बयान, बोले- 2024 में भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे*
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत होगी। पार्टी ने प्रदेश में जीतने वाले प्रत्याशी ही मैदान में उतारे हैं। वे गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व उनके द्वारा सभी कार्यकर्ताओं के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वे और अखिलेश यादव मिलकर चुनाव प्रचार भी करेंगे।कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशियों को जिताने में लगेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों के दम पर चुनाव में बेईमानी कराई जा सकती है। धन का दुरुपयोग हो सकता है। चुनाव आयोग से अपेक्षा है कि निष्पक्ष चुनाव कराए। जनता ने बुरे दिन झेले हैं, आने वाले दिनों में जनता इसका बदला लेगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देश से भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे।






