शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद,सेंसेक्स 49 अंक चढ़ा, निफ्टी 17600 के पार*
आम बजट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक बैठक के नतीजों से एक दिन पहले मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में मामूली तेजी रही। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 49 अंक की बढ़त पर रहा। उतार-चढ़ाव से भरे कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली से 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 49.49 अंक यानी 0.08 फीसदी की तेजी के साथ 59,549.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 59,787.63 अंक के उच्चस्तर तक गया और 59,104.59 अंक के निचले स्तर तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 13.20 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 17,662.15 अंक पर बंद हुआ।






